झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज

0
23

झारखंड: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 27 और 28 मार्च को राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज के साथ बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 मार्च को गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका है।

वहीं, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

IMD के अनुसार, 28 मार्च को भी मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी जिलों में इसका असर थोड़ा कम रहेगा। इस दौरान, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

29 मार्च को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और उत्तर-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 30 और 31 मार्च को पूर्वी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

रांची में 27 मार्च को आंशिक बादल छाए रहने, हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 19°C रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here