भारत: पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत पर भारतीय रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ने आईआरसीटीसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, वंदे भारत एक्सप्रेस में भोजन उपलब्ध कराने वाली कैटरिंग कंपनी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ उसका कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने का आदेश दिया गया है।
भारतीय रेलवे ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया कि 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री ने खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।
इस तरह की लापरवाही सामने आने के बाद रेल मंत्रालय ने तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान यह पाया गया कि यात्रियों को परोसा गया भोजन तय मानकों के अनुरूप नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आईआरसीटीसी और कैटरिंग कंपनी पर कुल 60 लाख का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, कैटरिंग कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट भी रद्द कर दिया गया। रेलवे के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आईआरसीटीसी के माध्यम से भारतीय रेलवे रोजाना लाखों यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराता है। इतने बड़े स्तर पर सेवाएं देने के बावजूद गुणवत्ता बनाए रखना एक चुनौती है, लेकिन रेलवे इसे लेकर लगातार सतर्क रहता है।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में सभी ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और ऑडिट किए जाएंगे। अगर कहीं भी मानकों से समझौता होता पाया गया तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


































