रांची: रांची में प्रकृति पर्व सरहुल के मौके पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भव्य शोभायात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन केंद्रीय सरना स्थल, सिरमटोली पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान हेमंत सोरेन के साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
इससे पहले, सुबह से ही सिरमटोली सरना स्थल पर सरना धर्मावलंबियों की भारी भीड़ उमड़ती रही। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और नृत्य-गीतों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लोगों ने सखुआ पेड़ की पूजा कर प्रकृति के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की।
हजारों श्रद्धालुओं ने ‘मां सरना’ को जल अर्पित कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरा माहौल पारंपरिक सरना वेशभूषा में रंगा नजर आया, जहां हर ओर उत्सव और श्रद्धा का संगम दिखा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, पूर्व शिक्षामंत्री गीताश्री उरांव समेत कई गणमान्य लोग और आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सरहुल शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

































