झारखंड: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) निकाय चुनाव के बाद 45 बैकलॉग पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित करेगा। राज्य सरकार द्वारा जेपीएससी को पहले के इन 45 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अनुरोध किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 और 2024 के कुल 103 पदों को भरने के लिए नियमित नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया था। साथ ही, 45 बैकलॉग पदों को भी भरने का अनुरोध किया था।
सरकार के अनुरोध के आलोक में जेपीएससी ने 2023 और 2024 के रिक्त पदों के लिए विज्ञापन (1/2026) प्रकाशित किया था। लेकिन, 45 बैकलॉग पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित होने से पहले ही राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा हो गई।
इस वजह से विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया जा सका। आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के बाद इसका विज्ञापन जारी किया जाएगा।
बता दें कि, के छात्र विज्ञापन संख्या 1/2026 के तहत परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्र सीमा की गणना में आठ साल की छूट देने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
इसी तरह, बैकलॉग पदों में भी उम्र सीमा को लेकर मतभेद होने की आशंका जतायी जा रही है क्योंकि राज्य में हर साल आयोग द्वारा परीक्षा आयोजित नहीं की जाती। यही कारण है कि उम्र सीमा को लेकर छात्र लगातार आंदोलन करते रहे हैं।






























