झारखंड: झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स की लॉ एंड आर्डर उप समिति की बैठक मंगलवार को चैम्बर भवन में आयोजित की गई। बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था, व्यापारियों की सुरक्षा, पुलिस गश्ती व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और प्रशासनिक समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में दिसंबर माह में हुई आपराधिक घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। पीड़ित व्यवसायी द्वारा भुरकुंडा थाना में दिए गए आवेदन के आलोक में झारखंड चैम्बर ने मामले का संज्ञान लेते हुए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक और झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर त्वरित जांच, अपराधियों की गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण बेहद जरूरी है और प्रशासन को व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। लॉ एंड आर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी से ही अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में जल्द ही पुलिस व्यवसायी समन्वय समिति की अगली बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। सह सचिव नवजोत अलंग ने बताया कि झारखंड चैम्बर की पहल पर थाना स्तर पर हर माह होने वाली बैठकों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और व्यवसायियों तथा पुलिस के बेहतर समन्वय से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान हो रहा है।





























