नए साल के स्वागत पर राष्ट्रपति व पीएम समेत अन्य नेताओं ने दी शुभकामनाएं

0
60

भारत: नया साल 2026 ने दस्तक दे दी है और पूरा देश उत्साह, उल्लास और नई उम्मीदों के साथ इसका स्वागत कर रहा है। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को बधाई दी है और शांति, समृद्धि और विकास की कामना की है।

राष्ट्रपति ने दिया एकजुटता और सकारात्मकता का संदेश

नववर्ष के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देश और विदेश में रह रहे भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नया साल नई ऊर्जा, सकारात्मक बदलाव और आत्मचिंतन का अवसर लेकर आता है।

राष्ट्रपति ने देश के विकास, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2026 सभी के जीवन में शांति, सुरक्षा और समृद्धि लेकर आए और सशक्त व उज्ज्वल भारत के निर्माण को नई गति दे।

उपराष्ट्रपति ने मजबूत भारत की कामना की

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साल 2026 सभी के लिए शांति, अच्छा स्वास्थ्य, खुशी और समृद्धि लाए। साथ ही, एक मजबूत और विकसित भारत बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प को और मजबूत करे।

नई उम्मीदों और आत्मविश्वास का वर्ष बने 2026 : पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नववर्ष पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 2026 नई आशाओं, नए संकल्पों और नए आत्मविश्वास का वर्ष हो। उन्होंने कामना की कि यह साल सभी को आगे बढ़ने और सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा दे।

पीएम ने आगे एक संस्कृत का श्योक लिखा…ज्ञानं विरक्तिरैश्वर्यं शौर्यं तेजो बलं स्मृतिः। स्वातन्त्र्यं कौशलं कान्तिर्धैर्यं मार्दवमेव च॥ यानी ज्ञान, वैराग्य, ऐश्वर्य (समृद्धि), वीरता, तेज, शक्ति, स्मरण शक्ति, स्वतंत्रता, कुशलता, कान्ति (तेजस्विता), धैर्य और कोमलता, ये सभी उत्तम गुण हैं।

राहुल गांधी ने स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नया साल सभी के जीवन में खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलता लेकर आए।

रक्षा मंत्री ने साल 2026 को प्रगति और राष्ट्रीय गौरव का वर्ष बताया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2026 को प्रगति, सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव का वर्ष बताते हुए कहा कि यह साल राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प को और मजबूत करेगा। उन्होंने नवाचार, आत्मनिर्भरता और एकता के साथ देश की सुरक्षा और समृद्धि को आगे बढ़ाने की अपील की

खरगे और अखिलेश ने लोकतंत्र व सामाजिक न्याय पर दिया जोर

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नववर्ष को लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण से जोड़ते हुए नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समृद्धि और कमजोर वर्गो के अधिकारों को साझा संकल्प बताया।

वहीं, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मानवता, प्रेम और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखते हुए नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समानता, सम्मान और सौहार्द को मजबूत करने की बात कही।

स्टालिन ने साल 2026 को बताया सामूहिक प्रगति का वर्ष

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने तमिल और अंग्रेजी में नववर्ष संदेश साझा करते हुए कहा कि राज्य के लोग एकजुट होकर सफलता की ओर बढ़ रहे हैं और आने वाला साल सामूहिक विकास का प्रतीक बनेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here