पटना। बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ने राज्य में एक साथ 8 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के शुरू होने से बिहार, दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा, साथ ही यात्रियों को तेज, आरामदायक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।

इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन से सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद जैसे महत्वपूर्ण शहरों से होते हुए राजधानी दिल्ली पहुंचेगी। इससे न केवल बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि रास्ते के अन्य राज्यों के यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी साबित होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत योजना के तहत चलाई जा रही ये ट्रेनें अत्याधुनिक डिजाइन, बेहतर कोच, आधुनिक सुविधाओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। इनका किराया भी सामान्य ट्रेनों की तुलना में किफायती रखा गया है, जिससे हर वर्ग के लोग इनका लाभ उठा सकें।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन नई ट्रेनों के संचालन से बिहार के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि इससे व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के अवसरों में वृद्धि होगी। वहीं, यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से तेज और आरामदायक यात्रा की जरूरत महसूस हो रही थी, जिसे अब अमृत भारत एक्सप्रेस पूरा करेगी।
























