रांची की कनिका अनभ ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परीक्षा 2024 में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 1 हासिल कर इतिहास रच दिया है। कनिका की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे झारखंड और देश को गौरवान्वित किया है। वह जेवीएम श्यामली की पूर्व छात्रा रही हैं और उन्होंने वर्ष 2014 में साइंस स्ट्रीम (बॉयोलॉजी) से इंटरमीडिएट पास किया था।
कनिका की सफलता की कहानी उन हजारों छात्रों के लिए आशा की किरण है, जो सीमित संसाधनों में रहते हुए भी बड़े सपने देखते हैं। कनिका अनभ की कहानी बताती है कि संघर्ष चाहे जितना भी कठिन हो, अगर हौसले बुलंद हों, तो मंजिल मिलकर रहती है। स्कूल की प्रिंसिपल समरजीत जना ने कहा कि कनिका की सफलता हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने परिश्रम, धैर्य और समर्पण की जो मिसाल पेश की है, वह हर छात्र के लिए अनुकरणीय है।
*कनिका की सफलता के मूल में हैं ये बातें:*
– *निरंतर प्रयास*: कनिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर सकारात्मक होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
– *सिलेबस और लेखन*: कनिका ने सिविल सर्विस की तैयारी करने वाले छात्रों को सलाह दी है कि वे एनसीईआरटी की किताबों से सिलेबस के मुताबिक तैयारी करें और बेसिक पर ध्यान दें।
– *आत्मविश्वास*: कनिका की कहानी बताती है कि आत्मविश्वास और हौसले बुलंद हों, तो कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं होती।
यूपीएससी आईएफएस परीक्षा 2024 में कुल 143 उम्मीदवारों ने सफलता पाई है, जिसमें सामान्य श्रेणी से 40, ईडब्ल्यूएस से 19, ओबीसी श्रेणी से 50, एससी 23 और एसटी वर्ग से 11 अभ्यर्थी हैं। टॉपर लिस्ट में कनिका अनभ के अलावा अनिल कुमार आनंद खंडेलवाल और अनुभव सिंह भी शामिल हैं। कनिका की सफलता ने पूरे देश में जश्न का माहौल बना दिया है और वह अब आईएफएस अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगी ।






























