बेंगलुरु में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए। इस घटना पर कर्नाटक हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान ले लिया है और आज दोपहर 2:30 बजे इसकी सुनवाई होगी।
कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने राज्य सरकार से इस दुखद घटना के लिए जिम्मेदार चूकों की गहन जांच करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता सुनिश्चित करने को भी कहा।
वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता आर अशोक ने भगदड़ के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के इस्तीफे की मांग की है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने इसे “बेहद हृदय विदारक” बताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी भगदड़ में कई लोगों की मौत पर दुख जताया और राज्य सरकार से सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करने का आग्रह किया ।


























