भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 जून को दो दिवसीय देवघर दौरे पर आ रही हैं, जिसे लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 11 जून को प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।
राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। एयरपोर्ट से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक पूरे रूट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन भी पूजा व्यवस्था को लेकर सतर्क है और विशेष सफाई व सजावट की जा रही है।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति का यह दौरा धार्मिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।





























