रांची विश्वविद्यालय ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) बोर्ड के छात्रों के लिए एक अहम फैसला लिया है, जिससे हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिली है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक जैक बोर्ड की 12वीं का परिणाम घोषित नहीं हो जाता, तब तक स्नातक नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल बंद नहीं किया जाएगा।
यह निर्णय उन छात्रों के लिए बेहद अहम है जो जैक बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दे चुके हैं और अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 12वीं कक्षा के परिणाम पहले ही घोषित हो चुके हैं, जिस कारण उनके छात्र नामांकन प्रक्रिया में आगे बढ़ चुके हैं।
रांची विश्वविद्यालय ने यह भी जानकारी दी है कि जैक बोर्ड के छात्रों के लिए एक विशेष एडमिशन ड्राइव (Special Admission Drive) चलाई जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि उनके नामांकन में कोई बाधा न आए।
दस्तावेज़ रखें तैयार:
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नामांकन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। ताकि मेरिट सूची में नाम आने पर दाखिले की प्रक्रिया में कोई देरी न हो।
ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया:
पूरी नामांकन प्रक्रिया चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां:
पहली मेरिट सूची: 23 जून 2025 को संबद्ध कॉलेजों की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
दस्तावेज़ सत्यापन और नामांकन: 24 जून से 30 जून 2025 तक छात्रों को चयन के बाद अपने दस्तावेज़ों का सत्यापन कराना होगा और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
रांची विश्वविद्यालय के इस फैसले से जैक बोर्ड के छात्र अब बिना तनाव के परिणाम का इंतजार कर सकते हैं और समय पर नामांकन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।





























