राँची, झारखंड: आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल से राजभवन में भेंट की और तीन सूत्री मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुशील उराँव ने कहा कि झारखंड के आदिवासी छात्र वर्षों से मूलभूत शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं।
ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें शामिल हैं:
1. गुमला जिले में निर्माणाधीन विश्वविद्यालय का नामकरण “पंखराज बाबा कार्तिक उराँव विश्वविद्यालय” के रूप में किया जाए, जिससे झारखंड के महान आदिवासी नेता व जननायक स्व. कार्तिक उराँव जी को यथोचित सम्मान मिल सके।
2. राँची विश्वविद्यालय के अधीन महाविद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी को दूर करने हेतु आवश्यक नियुक्तियाँ शीघ्र की जाएं, जिससे छात्रों की शिक्षा में आ रही बाधाएं समाप्त हों।
3. राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनावों का शीघ्र आयोजन कराया जाए, जो विगत कई वर्षों से लंबित हैं। छात्र संघ चुनावों से लोकतांत्रिक चेतना को मजबूती मिलेगी।
राज्यपाल महोदय ने ज्ञापन को गंभीरतापूर्वक स्वीकार करते हुए सभी मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मीडिया प्रभारी श्री सुमित उराँव, लोहरदगा जिला उपाध्यक्ष श्री विनोद उराँव, राँची कॉलेज (DSPMU) अध्यक्ष श्री विवेक तिर्की सहित छात्र संघ के अन्य पदाधिकारी एवं छात्र नेता उपस्थित रहे।





























