रांची: जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आज समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में उप विकास आयुक्त श्री सौरभ भुवनिया की अध्यक्षता में पेंशन दरबार सह सेवा निवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने रांची जिले के छह सेवानिवृत्त शिक्षकों को मोमेंटो एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। यह कार्यक्रम इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके सेवा निवृत्ति के दिन ही रिटायरमेंट लाभ प्रदान कर दिए गए।
सम्मानित शिक्षकों में शकुन्तला राशि, शमीम अहमद, कमलावती टोपनो, पुष्पा रानी, श्यामलाल मुंडा और कृष्णा महतो शामिल रहे। उप विकास आयुक्त ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के बाद भी अपने अनुभवों से समाज को लाभान्वित करते रहना चाहिए।
उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिला शिक्षा अधीक्षक को विशेष धन्यवाद दिया और सभी शिक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना की।



























