राँची: राँची में शुक्रवार की सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दूबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ रातु से खलारी जाने वाले रोड पर हुई, जिसमें गैंग के दो अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। सूचना मिलते ही राँची के एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे और जांच की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दूबे गैंग के सदस्य खलारी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। फिलहाल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है।






























