रांची: लालपुर थाना क्षेत्र के लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क में शनिवार रात अपराधियों ने मधेश्वर सिंह नामक व्यक्ति की हत्या कर दी। इस घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रविवार को लालपुर चौक को घंटों जाम रखा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात जब मधेश्वर सिंह गुलमोहर पार्क के समीप थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
रविवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही, स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले वासियों ने लालपुर चौक को चारों तरफ से घेर लिया और सड़क जाम कर दी।
सड़क जाम की सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से लंबी वार्ता की और उन्हें शांत कराने की कोशिश की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।






























