खेल: IPL 2026 का लीग चरण पूरा होने के करीब है। प्लेऑफ मुकाबले के दो सप्ताह से भी कम समय बचा है। लेकिन, सबसे बड़ा सवाल यह है कि अब तक किसी टीम ने प्लेऑफ का टिकट पक्का नहीं किया है। अब इस सीजन का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस 11 मैचों में 14-14 अंकों के साथ प्रबल दावेदार बने हुए हैं।
पंजाब किंग्स 11 मैचों में 13 अंक लेकर चौथे पायदान पर है। चेन्नई सुपर किंग्स 12 अंक के साथ 5वें और राजस्थान रॉयल्स 12 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की राह थोड़ी मुश्किल जरूर है, लेकिन नामुकिन नहीं हैं।
अब IPL टूर्नामेंट में 10 टीमें है। इस वजह से 16 अंक को प्लेऑफ में पहुंचने का सुरक्षित आंकड़ा माना जाता है। IPL के इतिहास में 16 अंक वाली कोई भी टीम प्लेऑफ से बाहर नहीं हुई है। अगर बात 2022, 2023 और 2025 की करें तो, चौथे स्थान पर रहने वाली टीम 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंची थी। सिर्फ, 2024 में 14 अंकों पर चार टीमों के बीच नेट रनरेट के आधार पर मामला फंसा था। जिसमें, आरसीबी ने बाजी मारी थी। लेकिन, इस सीजन जो टीम 16 अंक तक पहुंच जाएगी, उसकी दावेदारी लगभग तय है। RCB, SRH, GT को सिर्फ एक जीत और चाहिए। तो, प्लेऑफ लगभग पक्का हो जाएगा। नेट रनरेट की भी चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 62.5 प्रतिशत बताई गई है। सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स की हार ने अंक तालिका की तस्वीर बदल दी। पंजाब ने धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन बनाए। लेकिन, दिल्ली ने मुकाबला जीत लिया। लगातार चौथी हार के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर निराश नजर आए।
पंजाब किंग्स के 3 मुकाबले बाकी है। अगर टीम अपने आखिरी 3 मैचों में से दो में जीत दर्ज करती है, तो 17 अंकों के साथ प्लेऑफ लगभग तय हो जाएगा। लेकिन, यह मात्र एक संभावना है, जो समय आने पर पता चलेगा।





























