झारखंड: झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में शासी परिषद की 64वीं बैठक संपन्न हुई है। इस बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की, जिसमें कांके विधायक सुरेश बैठा भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान, करीब 15 नए एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक में मरीजों की सुविधा के लिए डीआईजी ग्राउंड में 500 बेड की नई आईपीडी और ओपीडी बिल्डिंग बनाने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, रिम्स में मरीजों के पंजीकरण शुल्क को वर्तमान 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये करने पर सहमति बनी है। हालांकि, पूर्व में इसे 20 रुपये करने का विचार था, लेकिन अंततः 10 रुपये पर सहमति जताई गई।
बैठक में पिछली 62वीं और 63वीं शाशी परिषद की बैठकों के प्रस्तावों की प्रगति रिपोर्ट पर भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही, रीजनल ऑप्थल्मिक इंस्टीट्यूट में कर्मचारियों की बहाली को लेकर भी बातचीत हुई।
वर्तमान में चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण इन निर्णयों का तत्काल क्रियान्वयन नहीं किया जा सका है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के बाद इन सभी प्रस्तावों को लागू किया जाएगा, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी और अस्पताल में बेड की संख्या के साथ-साथ मरीजों की क्षमता भी बढ़ेगी।






























