मनोरंजन: फिल्म ‘काला हिरणः द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पहले खबरें सामने आई थीं कि फिल्म को लेकर एक्टर सलमान खान ने आपत्ति जताई गई है। अब फिल्म के निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही है।
अमित जानी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह एक दस्तावेज फाड़ते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों में उन्हें आपत्तिजनक और धमकी भरे मैसेज मिले हैं।
उनका आरोप है कि एक्टर सलमान खान की कानूनी टीम द्वारा फिल्म पर आपत्ति जताने और नोटिस भेजने की खबरों के बाद उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग के साथ-साथ जान से मारने की धमकियां भी दी गई।
‘मुंबई आने पर सिर काटने’ की धमकी का दावा
वीडियो में अमित जानी ने कहा, पिछले 36 घंटों में मुझे करीब 1,000 मैसेज मिले हैं। इनमें कई मैसेजों में जान से मारने की धमकी दी गई है। कुछ लोगों ने कहा है कि अगर मैं मुंबई आया तो मेरा सिर काट दिया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें किसका जवाब देना चाहिए-कथित कानूनी नोटिस का या फिर उन धमकी भरे संदेशों का जो लगातार भेजे जा रहे हैं।
फैंस पर लगाए आरोप
अमित जानी ने दावा किया कि उन्हें कुछ लोगों की ओर से उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गई हैं। उन्होंने सलमान खान के कुछ समर्थकों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

























