झारखंड राज्यसभा सीट पर कांग्रेस की बड़ी बैठक

0
18

झारखंड: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। महागठबंधन के भीतर पैदा हुए मतभेदों को दूर करने और चुनाव में जीत की रणनीति तय करने के लिए रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में झारखंड प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई।

इस बैठक में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

राज्यसभा की एक सीट पर कांग्रेस अपनी दावेदारी मजबूती से जता रही है। हालांकि, झामुमो और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे व समन्वय को लेकर कुछ दूरियां देखी जा रही हैं। इस गतिरोध को तोड़ने के लिए अब शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में एक बेहद अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी के दिग्गज नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि महागठबंधन के सर्वमान्य नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। वर्तमान राजनीतिक हालातों में धर्मनिरपेक्ष ताकतों का एकजुट रहना जरूरी है। कांग्रेस नेतृत्व मुख्यमंत्री से मिलकर सभी मुद्दों पर चर्चा करेगा और जो भी दूरियां बनी हैं, उन्हें बातचीत के जरिए खत्म कर लिया जाएगा।

बैठक के बाद, कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने बताया कि राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा के साथ विधायकों की यह एक समन्वय बैठक थी। उन्होंने साफ किया कि जो विधायक निजी कारणों से इस बैठक में नहीं आ पाए, वे भी पार्टी के साथ एकजुट हैं। कांग्रेस नेताओं को पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली कल की बैठक में सहमति का रास्ता निकल जाएगा और महागठबंधन पहले की तरह पूरी ताकत से एकजुट नजर आएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here