पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी है। इसके तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू को 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिला है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला है।
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि एनडीए परिवार ने सभी दलों की सहमति से सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का बंटवारा पूरा किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है और सभी सदस्य बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनाने के लिए पूरी तैयारी में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बिहार चुनाव के लिए भाजपा मुख्यालय में मुख्य चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में शामिल होने पहुंचे।
लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए परिवार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सीट बंटवारा सौहार्दपूर्ण तरीके से पूरा किया है। उन्होंने कहा, “बिहार तैयार है, फिर से एनडीए सरकार। इस बार पूरा दम के साथ, ‘बिहार पहले – बिहारी पहले’।“हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सीट बंटवारे पर संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें जितनी सीटें दी गई हैं, वह उन्हें स्वीकार है और उन्हें इसमें संतुष्टि है। मांझी ने याद दिलाया कि संसद में उन्हें केवल एक सीट मिली थी, तब भी उन्होंने कोई नाराजगी नहीं जताई थी। एनडीए के इस बंटवारे के साथ ही बिहार में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम शुरू कर चुके हैं।
सीटों का बंटवारा:
- भाजपा: 101
- जदयू: 101
- लोजपा (रामविलास): 29
- रालोमो: 06
- हम: 06





























