हेल्थ: अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ़ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज़ ने रविवार को न्यू वर्ल्ड स्क्रूवर्म का पहला इंसानी मामला दर्ज किया।
मांस खाने वाला यह पैरासाइट अल-साल्वाडोर से लौटे एक मरीज़ में पाया गया। अल-साल्वाडोर अभी न्यू वर्ल्ड स्क्रूवर्म से प्रभावित देशों में शामिल है। अमेरिका की पब्लिक हेल्थ एजेंसी सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने 4 अगस्त को इस मामले की पुष्टि की थी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि मरीज़ पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है और किसी दूसरे इंसान या जानवर में इस स्क्रूवर्म के फैलने का कोई सबूत नहीं मिला है।
स्क्रूवर्म क्या है ??
मादा स्क्रूवर्म मक्खियां जानवरों के घाव पर अंडे देती हैं। अंडों से निकलने के बाद सैकड़ों लार्वा मांस के अंदर घुस जाते हैं।
अगर इलाज न किया जाए तो इनकी वजह से मौत भी हो सकती है। इसका नाम ‘स्क्रूवर्म’ इसलिए पड़ा क्योंकि ये कीड़े घाव में ऐसे घुसते जाते हैं जैसे लकड़ी में पेंच (स्क्रू) घुसता है। मवेशियों और वन्य जीवों के लिए यह काफ़ी ख़तरनाक हो सकता है और दुर्लभ मामलों में इंसानों को भी प्रभावित कर सकता है।
खुले घाव वाले इंसानों में इसके फैलने का ख़तरा ज़्यादा होता है, ख़ासकर तब जब वे प्रभावित देशों की यात्रा करें या ऐसे मवेशियों के संपर्क में आएं जिनमें स्क्रूवर्म मौजूद हो। इलाज का एकमात्र तरीका है कि घाव से सभी लार्वा को हटाकर उसे पूरी तरह साफ़ किया जाए। अगर समय पर इलाज हो जाए तो संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
































