लातेहार, झारखंड: टोरी रेलवे स्टेशन में कार्यरत एक कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर 3.9 लाख रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को लातेहार पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र खोजा के रूप में हुई है, जो राजस्थान के कुचामन क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस की कार्रवाई
लातेहार पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में गठित साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र ने खुद को टेलीकॉम विभाग का अधिकारी बताते हुए पीड़ित कर्मचारी को फोन किया। कॉल में बताया गया कि उसके नाम से दिल्ली में अवैध सिम कार्ड जारी कर आपराधिक गतिविधियां की जा रही हैं।
फर्जी CBI अधिकारी बन धमकाया
इसके बाद आरोपी ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी और धीरे-धीरे उससे कुल 3.9 लाख रुपये ठग लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को राजस्थान से दबोच लिया।
पुलिस की अपील
लातेहार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और सरकारी अधिकारी बनकर धमकाने वाले लोगों से सतर्क रहें। ऐसी किसी भी घटना की तत्काल सूचना नजदीकी थाना या साइबर सेल को दें।





























