जमशेदपुर, झारखंड : जमशेदपुर में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण ग्रामीण इलाकों के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से किया गया था। लेकिन भवन का उद्घाटन होने से पहले ही इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि भवन की दीवारों में दरारें आ गई हैं और छत से पानी टपकने (सीपेज) की समस्या शुरू हो चुकी है। इन आरोपों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपयोग किए गए सामग्री की जांच की मांग उठने लगी है।
नेताओं का कहना है कि इतनी बड़ी लागत से तैयार भवन में इस तरह की खामियां यह दर्शाती हैं कि निर्माण में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक धन का दुरुपयोग हुआ है, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।





























