राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयासों से 2 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने रविवार को इस विकास कार्य का शिलान्यास किया।
मंत्री सेठ ने बताया कि मंदिर परिसर का विकास पुरी के जगन्नाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हो सकें। मंदिर के पास स्थित तालाब का भी डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण होगा। इसमें घाट निर्माण, प्रकाश की व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच और गहरीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके साथ ही हटिया विधानसभा क्षेत्र में सांसद निधि से तीन विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें मलमंडू मैदान में मंच निर्माण, बिजोलिया छठ घाट पर सीढ़ियों का निर्माण और सेल सिटी न्यू पुनदाग में पीसीसी पथ का निर्माण शामिल है।
संजय सेठ ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में हर क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि हटिया विधानसभा को एक रोल मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास लगातार जारी है।
इस पहल से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों को भी बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
































