भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव माने जाने वाले जमीनी स्तर के चुनाव अधिकारियों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आज इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM), नई दिल्ली में चार राज्यों — उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा — के 373 बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) और BLO पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
इस बैच को अब तक का सबसे बड़ा प्रशिक्षण बैच बताया जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश से 118, मध्य प्रदेश से 130, छत्तीसगढ़ से 96 और हरियाणा से 29 अधिकारी शामिल हैं। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने में सहायक होगा।
श्री कुमार ने प्रतिभागियों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और 1951, मतदाता पंजीकरण नियम 1960 और चुनाव संचालन नियम 1961 का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि BLO को आरपी अधिनियम की धारा 24 के तहत अपील प्रक्रिया की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचानी चाहिए।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, फॉर्म हैंडलिंग, ईवीएम-वीवीपैट संचालन और आईटी उपकरणों के इस्तेमाल की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। पिछले दो महीनों में आयोग ने कुल 3,720 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षित किया है। यह पहल आगामी चुनावों में बेहतर तैयारियों और सुचारू संचालन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
























