रांची: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में हुए शराब घोटाले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमने पहले ही इस घोटाले की आशंका जताई थी, लेकिन सरकार ने हमारी बातों को अनसुना कर दिया और घोटाला होने दिया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज उसी मामले में छत्तीसगढ़ में कार्रवाई हो रही है और मामला ईडी और सीबीआई तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि एसीबी की जांच पर कोई भरोसा नहीं कर सकता है, क्योंकि लगता है कि छत्तीसगढ़ में जारी सीबीआई जांच के भय से अब बड़ी मछलियों को बचाने के लिये कुछ लोगों को बली का बकरा बनाया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा है कि अगर आप सच में शराब घोटाले की सच्चाई उजागर करना चाहते हैं और आपमें हिम्मत है, तो इस मामले की सीबीआई से जांच कराने का आदेश दें। उन्होंने कहा कि हम शुरू से कहते रहे हैं कि झारखंड में शराब घोटाला हुआ है और सरकार को हमने यह घोटाला जो आज सामने आ रहा है, उसके बारे में 19 अप्रैल 2022 को ही पत्र लिखकर घोटाले से पहले ही बता दिया था कि क्या होने वाला है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हमने तो छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के पहले ही बता दिया था कि छत्तीसगढ़ के माफियाओं के साथ मिलकर किन-किन लोगों को काम में लिया जाएगा। लेकिन सरकार ने मेरी बातों को न सिर्फ़ बिल्कुल अनसुना कर दिया, बल्कि मज़े से घोटाला किया और घोटाला होने दिया। अब जब मामला गर्म हो रहा है, तो एसीबी की कार्रवाई से लोगों को बरगलाने की कोशिश की जा रही है।





























