देश की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक हरकतों के खिलाफ चाक-चौबंद नजर आई। जम्मू-कश्मीर सहित पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में एक साथ ब्लैकआउट और हाई अलर्ट की स्थिति बन गई है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से भेजे गए ड्रोन हमलों को भारतीय सेना और एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक विफल कर दिया।
जम्मू, राजौरी, सांबा, और पुंछ में कई ड्रोन देखे गए, जिनमें से अधिकतर को इंटरसेप्ट कर गिरा दिया गया। पठानकोट एयरबेस के पास हुए हमले को नाकाम किया गया और एयरबेस को किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। अमृतसर एयरपोर्ट के पास भी एक ड्रोन को मार गिराया गया।
राजस्थान में भी पाकिस्तान ने हमला करने की कोशिश की। फलोदी में 10, उतरलाई में 2 और जैसलमेर में 4 ड्रोन भेजे गए, जिन्हें भारतीय सुरक्षा बलों ने समय रहते गिरा दिया। वहीं बाड़मेर और गंगानगर को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी की गई। दो आर्टिलरी शेल पुंछ में गिरे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई, लेकिन किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। जम्मू एयरपोर्ट पर सायरन बजने के बाद बाजार बंद होने लगे और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी, नॉवगाम और हंडवाड़ा सेक्टर में भी एलओसी के पास गोलाबारी जारी है। सेना और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सीमावर्ती गांवों में बंकर तैयार किए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भारतीय सेना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं।





























