मंत्री चमरा लिंडा का बड़ा एलान: बेटियों को मिलेगी उड़ान, बनेंगी डॉक्टर-इंजीनियर!

0
181

झारखंड के माननीय एससी, एसटी एवं ओबीसी कल्याण मंत्री श्री चमरा लिंडा ने बुधवार, 09 अप्रैल को राजधानी रांची के जेल मोड़ स्थित राजकीय पिछड़ी जाति +2 आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन, आवासीय सुविधा, पुस्तकालय, एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया ।

 

मंत्री श्री लिंडा ने विद्यालय प्रबंधन समिति एवं छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें झारखंड सरकार की विभिन्न शैक्षणिक एवं कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आप सभी को अच्छे से पढ़ना है, डॉक्टर, इंजीनियर बनना है। अब वह सोच नहीं रहेगी कि लड़कियाँ बस शादी करके किसी और के घर चली जाएंगी। हर क्षेत्र में आज महिलाएँ पुरुषों के बराबर खड़ी हैं ।

 

मंत्री ने विद्यालय परिसर में ही नवनिर्माणाधीन बालिका छात्रावास भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक आवासीय व्यवस्था शीघ्र उपलब्ध कराई जाए ।

 

इस अवसर पर मंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड सरकार छात्राओं की हर शैक्षणिक जरूरत – जैसे कि किताबें, वर्दी, हॉस्टल, स्कॉलरशिप और करियर गाइडेंस – की पूर्ति के लिए कटिबद्ध है। लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं का उद्देश्य है कि छात्राएँ बेहतर प्रदर्शन करें और अपने घर-समाज का नाम रौशन करें ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here