रांची में IND-WI मैच को लेकर ट्रैफिक प्लान तैयार, बिना टिकट स्टेडियम के पास नो एंट्री

0
21

खेल: भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर रांची में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम, धुर्वा में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में आयोजित बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उपायुक्त ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होगी। इससे पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास जमा होने से रोकने का निर्देश दिया गया है। दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा।

प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचें, प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाएं, यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

रांची जिला प्रशासन ने सभी विभागों और जेएससीए के बीच बेहतर समन्वय के साथ मैच को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एडीएम धनंजय, एसडीओ कुमार रजत, एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण सहित जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी उपस्थित थे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here