रांची: आगामी दुर्गा पूजा को लेकर रांची शहर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्ती से मुलाकात की। समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान राँची में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। ऐसे में पूजा से पहले साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना जरूरी है। समिति की ओर से इन व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित कराने की माँग उपायुक्त के समक्ष रखी गई।
उपायुक्त ने समिति के सदस्यों की माँगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का भरोसा दिलाया, ताकि पूजा के दौरान आम लोगों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) धनंजय कुमार , समिति के आजीवन सदस्य डॉ. अजीत सहाय, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, संजय मिनोचा, जय सिंह यादव, सागर कुमार, मो. इस्लाम, राजन वर्मा, संजय सिन्हा, उज्जवल दुबे, अमरनाथ साहू, राजू और मयंक गिरी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
































