रांची: लगातार हो रही बारिश के बीच रांची नगर निगम ने शहर में जलजमाव से निपटने के लिए अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। सभी 53 वार्डों में विशेष नाली सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 1,200 सफाईकर्मियों को लगाया गया।
इस दौरान, शहर के करीब 45 प्रमुख स्थानों पर जाम नालियों की सफाई की गई। गाद और कचरा हटाने के लिए 4 जेसीबी और 2 सुपर सकर मशीनों की मदद ली गई।
स्टेशन रोड, अरगोड़ा, डिब्डीह, मकचुनटोली, तुपुदाना, एजी कॉलोनी, पीपी कंपाउंड, बड़ा घाघरा, सेवा सदन, बड़ा तालाब, बरियातू और खोरहाटोली समेत कई इलाकों में निगम की टीमें सक्रिय रहीं।
वहीं, पुरुलिया रोड, धुर्वा, गंगा नगर और बर्धमान कंपाउंड में नाली जाम की शिकायत मिलने पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने मौके पर पहुँचकर समस्या दूर की।
नगर निगम ने लोगों से नालियों में कचरा नहीं डालने की अपील की है। यदि आपके इलाके में बारिश के बाद जलजमाव या नाली जाम की समस्या है तो नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर शिकायत की जा सकती है।

































