रांची: JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 22 दिनों से चल रहा आंदोलन निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की घोषणा की है। साथ ही, पहली बार मंच की ओर से सीएम के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई है।
मंच ने राज्य सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा और वहां डेरा डालकर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं, 16 अगस्त को राज्य के सभी 24 जिलों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सीएम का पुतला दहन करने का ऐलान किया गया है। मंच ने कहा कि JPSC-JSSC की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन अब और व्यापक और आक्रोशपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
रिफॉर्म मंच ने कहा कि अब आंदोलन को भगत सिंह के विचारों और संघर्ष की भावना के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा। मंच के मुताबिक, आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

































