राजनीति: संसद से एक अहम खबर आयी है। एनसीपी/एसपी चीफ शरद पवार ने अपनी बेटी पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आज बुधवार को संसद भवन में मुलाकात की है।
सूत्रों ने संसद भवन में स्थित पीएम कार्यालय में हुई मुलाकात में परिसीमन बिल, सीजेपी प्रोटेस्ट पर चर्चा किये जाने की संभावना व्यक्त की। शरद पवार और पीएम मोदी की मुलाकात इसलिए चर्चा में है, क्योंकि पूर्व में सुप्रिया सुले ने परिसीमन बिल पर भाजपा नीत राजग को सशर्त समर्थन देने की बात कही थी।
सुप्रिया ने कहा था कि अगर सरकार सभी राज्यों में समान 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव लाती है तो हमारी पार्टी बिल का समर्थन करने को तैयार हो सकती है। लेकिन, हम इंडिया अलायंस में इस बात की चर्चा करेंगे। सुप्रिया सुले के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कयास लग रहे हैं कि शरद पवार की पार्टी एनडीए के साथ जा सकती हैं।
शरद पवार के साथ मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा चार तस्वीरें साझा की गयी। उसमें लिखा गया कि राज्यसभा सांसद शरद पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने आज संसद में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।
दिलचस्प बात यह है कि शरद पवार और सुप्रिया सुले 21 जुलाई को सीजेपी के प्रदर्शन में गये थे। इसके अलावा, सुप्रिया सुले ने दिल्ली पुलिस द्वारा पीएम हाउस के समक्ष कल धरना दे रहे नेताओं को जबरन उठाने पर आपत्ति जताई है।
सुप्रिया ने सोशल मीडिया एक्स पर बयान जारी कहा था कि लोक कल्याण मार्ग पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ बदसलूकी की गयी। उन्हें धक्का दिया गया। ज़मीन पर गिरा कर घसीटा गया। सुप्रिया ने लिखा, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में विपक्ष के नेता के साथ किया गया व्यवहार अलोकतांत्रिक है।

































