झारखंड में राज्य ओलंपियाड, कक्षा 7-9 के छात्रों के लिए 8 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन

0
11

झारखंड: झारखंड शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) ने राज्य के सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए झारखंड राज्य ओलंपियाड-2026 आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जेसीईआरटी के निदेशक शशि रंजन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों व जिला शिक्षा अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अक्टूबर 2026 के चौथे सप्ताह में ओलंपियाड आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी। इसमें कक्षा 7, 8 और 9 में अध्ययनरत सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। विद्यार्थियों का पंजीकरण विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक की सहायता से गूगल फॉर्म के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

ओलंपियाड में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषयों से कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 20 प्रश्न होंगे तथा प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यमों में आयोजित होगी। परीक्षा की अवधि 180 मिनट (तीन घंटे) होगी और प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए प्रारंभ में 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

परीक्षा ओएमआर शीट पर आयोजित होगी, जिसमें केवल ब्लू बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग करना होगा। ओवरराइटिंग या कटिंग की स्थिति में उत्तर अमान्य माना जाएगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। जेसीईआरटी ने बताया कि ओलंपियाड दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में जिला स्तर पर परीक्षा होगी, जिसमें प्रत्येक कक्षा के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से कम से कम 30 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय दूसरे चरण के लिए किया जाएगा।

परिषद ने स्पष्ट किया है कि ओलंपियाड में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही, सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापकों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने तथा उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here