रांची: रांची में अतिक्रमण के खिलाफ रांची नगर निगम ने शुक्रवार को डीपीएस चौक से मेकॉन तक विशेष अभियान चलाया। सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान सड़क, फुटपाथ और भूसुर नदी किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान में सड़क किनारे संचालित दो अवैध गैरेज हटाए गए। निगम ने पाया कि गैरेज संचालकों ने बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर खड़े कर रखे थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। उन्हें 24 घंटे के भीतर सभी वाहन हटाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा लंबे समय से सड़क किनारे खड़े एक लावारिस कंडम वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
नगर निगम ने तंबाकू, सिगरेट, पान और गुटखा बेचने वाली कई अवैध दुकानों पर भी कार्रवाई की। वहीं, भूसुर नदी किनारे संचालित दो अवैध मीट दुकानों को हटाया गया। जाँच में मीट का कचरा नदी में फेंके जाने की पुष्टि हुई, जिससे जल प्रदूषण और बर्ड हिट का खतरा बढ़ रहा था।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ, नदी-नालों और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

































