रांची: श्रावणी मेला से पहले पहाड़ी मंदिर परिसर और आसपास की निगम भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में बताया गया कि निगम अभिलेख के अनुसार पहाड़ी मंदिर परिसर प्लॉट संख्या 955 और 956 में स्थित है तथा इसका क्षेत्रफल 26 एकड़ 94 डिसमिल है। अधिकारियों ने बताया कि इस भूमि के कई हिस्सों में अतिक्रमण किया गया है।
नगर आयुक्त ने संबंधित शाखाओं को चिह्नित स्थलों का सर्वे कर अभिलेखों का सत्यापन करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ी मंदिर पहुंचते हैं इसलिए मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।































