रांची: हिंदपीढ़ी इलाके में चल रहे अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार को खेत मोहल्ला स्थित बच्चा कब्रिस्तान के पास पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान, 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर, गांजा, नकदी, मोबाइल फोन और नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ युवक एजेंटों के माध्यम से बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे है। इसके बाद, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम जैसे ही बच्चा कब्रिस्तान इलाके में पहुंची, वहां मौजूद लोग भागने लगे। जवानों ने पीछा कर पांच लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ और निशानदेही पर एक महिला के घर में भी छापा मारा गया, जहां से भारी मात्रा में गांजा, नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल उर्फ चरका, मो. एजाज उर्फ बाबू, अवधेश यादव, अनिल कुमार महतो, सरवर अंसारी और शहनाज खातून शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने किया बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 6.8 ग्राम ब्राउन शुगर, 300 ग्राम से अधिक गांजा, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। वहीं, शहनाज खातून के घर से 8 लाख 74 हजार 200 रुपए नकद, गांजा, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, TAZOWIN इंजेक्शन और Nitrosun टैबलेट भी जब्त किए गए।
कई थानों की टीम ने की कार्रवाई छापेमारी दल में हिंदपीढ़ी, कोतवाली, डेली मार्केट, लोअर बाजार और महिला थाना की पुलिस शामिल थी। कार्रवाई में सशस्त्र बलों ने भी सहयोग किया।
































