मनोरंजन: भगवान श्रीकृष्ण की कथा पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 हृदयम’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। रिलीज के साथ ही, फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। भक्ति और भावनाओं से जुड़ी इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है।
पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
फिल्म के पेड प्रीव्यू शो 7 मई को आयोजित किए गए थे, जिनसे फिल्म ने करीब 40 लाख रुपये की कमाई की। इसके बाद, 8 मई को फिल्म की आधिकारिक रिलीज हुई और पहले दिन इसका कलेक्शन बढ़कर 1.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने लगभग 1,549 शोज के जरिए कुल मिलाकर करीब 1.88 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है। बिना किसी बड़े सुपरस्टार के भी फिल्म को मिल रहा यह रिस्पॉन्स दर्शाता है कि श्रीकृष्ण की कहानियों के प्रति दर्शकों का जुड़ाव आज भी मजबूत है।
फिल्म की स्टारकास्ट और निर्माण
‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ एक भक्ति और पौराणिक फिल्म है, जिसमें, सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति जयना, सुष्मिता भट, मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन और लेखन हार्दिक गज्जर ने किया है। इसे क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज एंटरटेनमेंट और अथाश्रीकथा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है।
इन फिल्मों से टक्कर
फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना भी करना पड़ रहा है। इस समय सिनेमाघरों में अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’, रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’, और कपिल शर्मा-नीतू कपूर स्टारर ‘दादी की शादी’ जैसी फिल्में भी चल रही हैं। इसके बावजूद, ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ ने अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है।
दर्शकों का कैसा है रिस्पॉन्स?
सोशल मीडिया पर फिल्म के विजुअल्स, संगीत और भावनात्मक प्रस्तुति की तारीफ हो रही है। खासकर भगवान कृष्ण और राधा के प्रेम व समर्पण को दर्शाने वाले दृश्यों को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
































