झारखंड: पूर्व रेलवे की वित्तीय वर्ष 2025-26 की आधिकारिक आय रिपोर्ट में झारखंड के कई रेलवे स्टेशनों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खास तौर पर जसीडीह जंक्शन ने अनारक्षित और आरक्षित टिकट आय की दोनों श्रेणियों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के चार प्रमुख स्टेशन टॉप-20 स्टेशनों में शामिल हुए हैं। इससे झारखंड में लगातार बढ़ रही रेल यात्रियों की संख्या और धार्मिक पर्यटन की बढ़ती गतिविधियों का असर साफ नजर आ रहा है।
अनारक्षित टिकट यानी UTS आय के मामले में जसीडीह जंक्शन पूरे पूर्व रेलवे में पांचवें स्थान पर रहा। स्टेशन ने वर्ष 2025-26 में 46.7 करोड़ रुपये से अधिक की आय दर्ज की।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं, रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों और लंबी दूरी की ट्रेनों के बेहतर संचालन का इसका सीधा असर पड़ा है।
वहीं, आरक्षित टिकट यानी PRS आय में भी झारखंड के कई स्टेशन टॉप-20 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। जसीडीह जंक्शन 110 करोड़ रुपये से अधिक की आय के साथ छठे स्थान पर रहा।
इसके अलावा, मधुपुर स्टेशन 25.7 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय के साथ 12वें स्थान पर पहुंचा। देवघर स्टेशन ने 13.9 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करते हुए 17वां स्थान हासिल किया। जबकि, साहिबगंज स्टेशन 8.6 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय के साथ 19वें स्थान पर शामिल रहा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार झारखंड में धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। देवघर और जसीडीह जैसे स्टेशन बाबा बैद्यनाथ थाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार बन चुके हैं। इसके साथ ही, मधुपुर और साहिबगंज भी अब महत्वपूर्ण रेल केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहे हैं।
































