बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और झारखंड के ऊपर सक्रिय टर्फ लाइन के प्रभाव से पूरे राज्य की मौसम की स्थिति पूरी तरह बदल गई है। रांची समेत कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश ने गर्मी से राहत दी है। एक ही दिन में अधिकतम तापमान करीब 5 डिग्री तक गिर गया, जबकि कई जगहों पर यह सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे चला गया।
रांची सहित लगभग 10 जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
रांची में हुई मूसलाधार बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 29.4°C पर पहुंच गया, जो सामान्य से 7.7°C कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3°C कम है। तेनुघाट में सबसे अधिक 82.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है। 11 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही, गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है।
आगे कैसा रहेगा मौसम-
▪️ 6 मई: रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो में हल्की बारिश
▪️ 7 मई: संथाल परगना व दक्षिण-पूर्वी जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश (येलो अलर्ट)
▪️ 8 मई: पश्चिमी झारखंड को छोड़कर शेष हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना
▪️ 9–11 मई: राज्य के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना
फिलहाल, मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

































