ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्मृति मंच के प्रतिनिधिमंडल ने प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव के नेतृत्व में लोक भवन में आज राज्यपाल से मुलाकात की। मंच ने अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के सम्मान और उनकी स्मृति को संरक्षित करने को लेकर राज्यपाल को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की जयंती और शहादत दिवस को सरकारी स्तर पर मनाने, जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने और उनकी जीवनी को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांगें शामिल हैं।
धुर्वा के शहीद मैदान से नयासराय रिंग रोड तक सड़क का नामकरण सहित झारखंड क्रिकेट स्टेडियम और जेएन कॉलेज का नामकरण ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के नाम पर करने की मांग की गयी।
इसके अलावा, एचईसी क्षेत्र में स्थापित प्रतिमा और चौक के रखरखाव की जिम्मेदारी सरकार द्वारा लेने तथा अतिथिशाला, छात्रावास और वृद्धाश्रम जैसे जनकल्याणकारी संस्थान के निर्माण के लिए तीन एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव ने कहा कि देश की आजादी में कई वीरों ने बलिदान दिया, लेकिन उन्हें बराबर सम्मान नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि शहीदों को सम्मान देने में उनकी जाति या धर्म नहीं, बल्कि उनकी देशभक्ति को आधार बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए छोटानागपुर क्षेत्र को छह महीने तक मुक्त कराया था। बाद में, अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर 16 अप्रैल 1858 को फांसी दे दी।
राज्यपाल ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में युगल किशोर नाथ शाहदेव, सूरज नाथ शाहदेव, आशीष नाथ शाहदेव, सुबोध नाथ शाहदेव और सुनील सिंह हेसल सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
































