रांची: रांची में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है और मई-जून में इसके और तेज होने की संभावना है। इसे देखते हुए जेबीवीएनएल रांची सर्किल ने बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए अहम फैसला लिया है। हटिया ग्रिड से जुड़े हटिया और तुपुदाना सबस्टेशन की 33 केवी लाइन को अब स्मार्ट सिटी में बने 189 मेगावाट क्षमता वाले जीआईएस ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
इस बदलाव से हटिया ग्रिड पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड कम होगा। साथ ही, हटिया और तुपुदाना क्षेत्र में बार-बार होने वाली लाइन ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन की समस्या में कमी आएगी। गर्मी के दिनों में ओवरलोड के कारण होने वाले अनचाहे पावर कट से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्मार्ट सिटी में बना जीआईएस ग्रिड फिलहाल अपनी क्षमता के मुकाबले बहुत कम लोड पर चल रहा है। यहां अभी केवल मंत्री आवास, स्ट्रीट लाइट और कुछ सरकारी कार्यालयों को ही बिजली दी जा रही है। कुल 189 मेगावाट क्षमता के इस ग्रिड से अभी करीब 15 मेगावाट का ही उपयोग हो रहा है। इसी वजह से हटिया ग्रिड का दबाव कम करने के लिए दो सबस्टेशन को यहां शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है।
डोरंडा और हिनू इलाके के लिए भी अच्छी खबर है। जेबीवीएनएल ने नामकुम ग्रिड से एयरपोर्ट फीडर तक सीधी लाइन बिछाने के लिए रेलवे लाइन पार करने की अनुमति हासिल कर ली है। इसके बाद, 33 केवी लाइन के जरिए एयरपोर्ट फीडर को सीधे जोड़ा जा सकेगा। इसका फायदा डोरंडा और कुसई क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी मिलेगा।
इस पूरी योजना से करीब एक लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ होगा। हटिया सबस्टेशन से जुड़े 11 केवी के कल्याणपुर, ओबरिया, लटमा, निफ्ट और तुपुदाना क्षेत्र के लोग बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ उठा सकेंगे। इन दोनों कामों के पूरा होने के बाद हटिया ग्रिड का लोड संतुलित होगा और सप्लाई अधिक स्थिर बनेगी। वहीं, रेलवे क्रॉसिंग की अनुमति मिलने से एयरपोर्ट फीडर को लोकल फॉल्ट से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।



























