देश-विदेश: मिडिल ईस्ट में जारी संकट का असर अब एक बार फिर भारत में गैस की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के बीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
नई दरें आज से लागू हो गई हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है। इस बार कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ₹194 से ₹218 तक की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद देश के अलग-अलग शहरों में दरें बढ़ गई हैं।
राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹194 महंगा होकर ₹2078.50 का हो गया है, जो पहले ₹1884.50 में मिल रहा था। मुंबई में इसकी कीमत ₹196 बढ़कर ₹2031 पहुंच गई है। वहीं राँची में भी ₹220 की बढ़ोतरी के बाद अब यह सिलेंडर ₹2258 में मिल रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडरों के दाम बढ़ाए गए थे। उस समय घरेलू सिलेंडर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर ₹114.50 महंगा हुआ था।
इस वृद्धि के कारण होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाने की चीज़ों के दाम बढ़ने की पूरी सम्भावना है।






























