रांची: रांची में बहुबाजार–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण हटिया पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिससे सोमवार को शहर के 16 इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रही। हालांकि, प्रशासन ने दो दिन पहले ही इसकी सूचना दे दी थी, इसके बावजूद, कई क्षेत्रों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, बहुबाजार से योगदा सत्संग तक तीन स्थानों पर पाइप शिफ्टिंग का कार्य तेज़ी से जारी है। सोमवार सुबह से ही मजदूर लगातार काम कर रहे हैं और संभावना जताई जा रही है कि 31 मार्च की शाम तक जलापूर्ति फिर से सामान्य हो जाएगी।
इस समस्या से सिरमटोली, पीपी कंपाउंड, कडरू, अशोक नगर, चर्च रोड, कर्बला चौक, कोनका रोड, इस्लामनगर, नया टोली, आदर्श नगर, कांटाटोली, चुटिया, लोवाडीह, सामलौंग, मुकचुंदटोली और डोरंडा जैसे इलाके प्रभावित हुए हैं।
पानी की कमी को देखते हुए नगर निगम ने 53 वार्डों में 65 टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की व्यवस्था की है।































