झारखंड का मौसम तूफानी

0
19

झारखंड: झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में बना चक्रवाती दबाव का असर राज्य के मौसम पर साफ दिख रहा है। अगले 24 घंटों में कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम केंद्र रांची के अनुसार, 28 मार्च को राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा असर दिखाएगा। उत्तर पूर्वी जिलों में साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण पूर्वी जिलों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में भी गरज चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं, राज्य के मध्य भाग जैसे रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में साहिबगंज के राजमहल में सबसे अधिक 64.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इससे कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में आज बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश हो सकती है। रांची में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 मार्च को मौसम सामान्य रह सकता है। लेकिन, 31 मार्च को फिर से बारिश होने की संभावना है।

राज्य में जहां बारिश से कुछ राहत मिली है, वहीं चाईबासा 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म बना हुआ है। दूसरी ओर गुमला में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here