झारखंड: झारखंड में बिजली उपभोक्ताओं को अब अधिक भुगतान करना होगा। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग ने JBVNL के प्रस्ताव पर विचार करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए नई टैरिफ दरें घोषित की हैं, जिसमें औसतन 6.12 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी श्रेणी के उपभोक्ताओं के फिक्स चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के अनुसार, शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को अब 7.40 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी, जो पहले 6.85 रुपये थी। वहीं ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह दर 6.70 से बढ़कर 7.20 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल श्रेणियों में भी दरों में बढ़ोतरी की गई है, जबकि फिक्स चार्ज यथावत रखा गया है।
आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह निर्णय बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति और बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। नई दरें पूरे राज्य में लागू होंगी, जिससे आम उपभोक्ताओं के मासिक खर्च पर असर पड़ेगा।




























