झारखंड: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की वर्तमान सत्र की सातवीं कार्यकारिणी समिति की बैठक आज चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 26 मार्च से 6 अप्रैल तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
अध्यक्ष ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। वहीं, महासचिव रोहित अग्रवाल ने इस आयोजन के लिए झारखंड सरकार के सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए इसे इस वर्ष और भव्य बनाने की बात कही।
बैठक में साहेबगंज में एक व्यापारी के साथ हुई साइबर ठगी की घटना पर चिंता जताई गई। संताल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस पर अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि वे जल्द ही डीजीपी से मिलकर मामले को उठाएंगे। इसके अलावा, राज्य में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए आगामी माह रेल मंत्री से मिलकर सुझाव देने की जानकारी दी गई।
भूमि सुधार से जुड़े मुद्दों पर सदस्यों ने कहा कि गैर-मजरूआ भूमि संबंधी व्यवस्था बहाल करने के उच्च न्यायालय के आदेश का अब तक अनुपालन नहीं हुआ है। वहीं, औद्योगिकीकरण को गति देने के लिए मांग की गई कि नई औद्योगिक नीति लागू होने तक वर्तमान नीति को यथावत जारी रखा जाए, ताकि चल रही परियोजनाओं में बाधा न आए।
बैठक में साउथ छोटानागपुर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी को गुमला नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर सम्मानित किया गया। उन्होंने गुमला में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने का भरोसा दिलाया। साथ ही, गुमला में पिछले पांच माह से बंद ब्लड बैंक को लेकर चिंता व्यक्त की गई, जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित विभाग से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
नगर निगम द्वारा कॉमर्शियल अपार्टमेंट्स के एसेसमेंट के नाम पर कथित उत्पीड़न का मुद्दा भी उठा। महासचिव ने इसे मेयर के समक्ष रखने और निगम बोर्ड में चैंबर के दो प्रतिनिधियों के मनोनयन के प्रयास की बात कही। इसके अलावा, सोलर पावर को बढ़ावा देने और नेट मीटरिंग प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव भी दिया गया।
चैंबर उपाध्यक्षों ने बताया कि इस सत्र में अब तक 124 बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। बैठक में नए सदस्यों के आवेदनों को स्वीकृति दी गई। ट्रांसपोर्ट नगर के अब तक शुरू नहीं होने पर भी चिंता जताई गई, जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।




























