भारत: दुनिया के लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube की सेवाएँ बुधवार को कई क्षेत्रों में प्रभावित रहीं, जिससे यूजर्स वीडियो देखने में असमर्थ रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार कई यूजर्स के अकाउंट अपने-आप लॉगआउट होने की समस्या भी सामने आई है।
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, अमेरिका में बड़ी संख्या में यूजर्स ने प्लेटफॉर्म तक पहुँच न होने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं भारत में भी सुबह के समय हजारों यूजर्स ने वीडियो स्ट्रीमिंग और लॉगइन से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों की सूचना दी।
डाउनडिटेक्टर के आँकड़ों के अनुसार भारत में प्राप्त कुल शिकायतों में लगभग 72 प्रतिशत यूजर्स ने ऐप पर तकनीकी समस्या, 17 प्रतिशत ने वीडियो स्ट्रीमिंग में बाधा और 11 प्रतिशत ने वेबसाइट एक्सेस में परेशानी की बात कही है।
फिलहाल, तकनीकी समस्या के कारणों को लेकर प्लेटफॉर्म की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यूजर्स को सेवाएँ सामान्य होने तक इंतजार करने की सलाह दी जा रही है।

























