रांची: स्वामी विवेकानंद जी की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) पर रांची नगर निगम ने बड़ा तालाब स्थित स्वामी विवेकानंद सरोवर में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। इस शिविर में आम लोगों के साथ-साथ सफाई मित्रों की भी जांच की गई। नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए और सभी रांचीवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं।
एक जगह कई जांच, कोई शुल्क नहीं
शिविर में कुल 1463 लोगों की जांच की गई। लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन और आंखों की जांच की गई। डॉक्टरों ने मौके पर ही सलाह दी और मुफ्त दवाएं भी बांटी गई।
प्रशासक ने कहा कि शहर को साफ रखने में सफाई मित्रों की सबसे बड़ी भूमिका है। उनकी सेहत का ध्यान रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि आगे भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जल्द ही, सभी सफाई कर्मियों को टेटनस का टीका भी लगाया जाएगा।































