लोहरदगा : जिला पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (PLFI) से जुड़े दो उग्रवादियों को कुड़ू थाना क्षेत्र के लवागाई से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे एक संवेदक से लेवी वसूली करने पहुंचे थे।
गुप्त सूचना पर की गई सटीक कार्रवाई
लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि पुलिया निर्माण में लगे संवेदक से PLFI लंबे समय से लेवी मांग रहा था। संगठन की ओर से संवेदक को लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिसमें हत्या और आगजनी की चेतावनी भी शामिल थी। हाल ही में निर्माण कार्य में लगे वाहनों को जलाने की कोशिश की गई थी।
नक्सलियों को रंगे हाथ पकड़ा गया
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और लेवी की रकम लेने आए दो उग्रवादियों को 30,000 रुपये नकद के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में खूंटी के निखिल मुंडा उर्फ पिंटू और सुनील संगा शामिल हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है और संगठन के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।



























